दूध लेकर घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, मेरठ मेडिकल रेफर
नांगल सोती । नांगल सोती के मोहल्ला जोशीयान निवासी युवक विमल जोशी पर मंगलवार शाम उस समय जानलेवा हमला कर दिया गया, जब वह बाजार से दूध लेकर अपने घर लौट रहा था। आरबीएस इंटर कॉलेज के समीप दो किशोरों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामप्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ मेडिकल रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूर्व में हुई डांट-फटकार और मारपीट की रंजिश के चलते किशोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपित किशोरों को हिरासत में ले लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक जानकारी जुटाई।
थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
