कानपुर में साइबर ठगी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
कानपुर। बेकनगंज थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गरीब और जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधों में करता था।

एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि आरोपी लोगों को हर महीने 5000 रुपये देने का झांसा देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खाते से जुड़ी पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल नंबर अपने कब्जे में लेकर उन्हें “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। इन खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर कर ट्रैकिंग से बचने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड कर्नलगंज निवासी जावेद है, जिसे उसके पांच साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अन्य आरोपियों में दीपक शर्मा, प्रिंस गौतम, युवराज, मोहम्मद असद और लक्ष्यदीप शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और कितने लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया गया।
एडीसीपी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें, क्योंकि ऐसा करना अपराध में शामिल माना जा सकता है।
