बहराइच। पयागपुर थाना क्षेत्र के कान्धी कुइयां रेलवे गुमटी के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गोंडा से बहराइच की ओर जा रही डेमू ट्रेन की चपेट में आने से कन्हैया पुत्र खजांची दुबे, निवासी कान्धी कुइयां, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार डेमू ट्रेन आ गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पयागपुर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पूरे कान्धी कुइयां गांव में शोक का माहौल है।
