बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के थाना महराजगंज तराई क्षेत्र में थाना परिसर के समीप कथित रूप से झाड़-फूंक का कारोबार संचालित होने को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि एक कथित मौलाना झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को अपने पास बुलाता है और बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से लोग वहां पहुंचते हैं।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि इस स्थान पर दूसरे धर्म की महिलाओं और कम उम्र की लड़कियों के आने-जाने की बात सामने आती रही है। कुछ लोगों ने धर्म परिवर्तन और शोषण जैसी गंभीर आशंकाएं भी जताई हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और इन संबंध में कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई सामने नहीं आई है।
लोगों का कहना है कि यदि कोई इस कथित मौलाना के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसे डराने-धमकाने की कोशिश की जाती है। वहीं, इस पूरे मामले में जब संबंधित कथित मौलाना से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।गौरतलब है कि जनपद बलरामपुर में पहले भी झाड़-फूंक और कथित धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों में छागुर बाबा और रिजवान बाबा के नाम चर्चा में आ चुके हैं। ऐसे मामलों के सामने आने के बाद अब थाना महराजगंज तराई क्षेत्र में झाड़-फूंक को लेकर उठे नए आरोपों ने स्थानीय लोगों के बीच चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, वर्तमान मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोग पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मामला गंभीर आरोपों से जुड़ा होने के कारण स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और यदि कोई अवैध गतिविधि चल रही हो तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
