संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को औराई विधानसभा के महराजगंज मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व औराई विधायक दीनानाथ भास्कर ने किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल गूंजता रहा। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच युवाओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
विधायक दीनानाथ भास्कर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में देशप्रेम और एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने की अपील की।
तिरंगा यात्रा महराजगंज क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेंद्र दुबे, विनोद सोनकर, प्रमोद पाठक (पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा), दिलीप कनौजिया, राजकुमार सरोज, लक्ष्मी शंकर मिश्रा, चंद्रमा, विद्या शंकर पांडे, उमेश पांडे, श्याम सुंदर कनौजिया (मंडल महामंत्री) और आशीष दुबे मुन्नू समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
