18 किलोमीटर तक गूंजा भारत माता के जयकारे, हजारों किसानों ने लिया हिस्सा
फतेहपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की ओर से गुरुवार को प्रेमनगर में भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। दावतपुर मोड़ से सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर बाइकों पर सवार हुए। देखते ही देखते सड़कें तिरंगों से पट गईं और पूरा क्षेत्र भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।

युवा जिलाध्यक्ष विवेक यादव एवं उपाध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में निकली यात्रा दावतपुर मोड़ से भादर रोड होते हुए करीब 18 किलोमीटर का सफर तय कर खागा तहसील परिसर पहुंची। कतारबद्ध बाइकों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने किसानों का स्वागत भी किया।
किसानों ने ‘भारत माता की जय’, ‘धरती माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया। यात्रा में शामिल किसानों और कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का उत्साह और जोश देखते ही बना।
यात्रा में तहसील संरक्षक एवं पूर्व प्रधान रनमन सिंह यादव, युवा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक मौर्य, ग्राम प्रधान संजीत यादव समेत किसान यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।
किसान यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना चाहिए। यात्रा के माध्यम से लोगों को देश की एकता और अखंडता का संदेश भी दिया गया।
