संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण

भदोही। भदोही में 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (CEPC) की ओर से वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से यह मेला 4 से 7 अक्टूबर 2026 तक कारपेट एक्सपो मार्ट, कारपेट सिटी में आयोजित किया जाएगा। इस बार एक्सपो का 50वां वर्ष होने के कारण इसे गोल्डन जुबली संस्करण के रूप में मनाया जा रहा है।
मेले में करीब 56 देशों से 400 विदेशी खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा करीब 350 खरीदार प्रतिनिधि भी शामिल हो सकते हैं। विदेशी खरीदार भारत में बने हाथ से तैयार कालीनों के डिजाइन और गुणवत्ता को देखेंगे और भारतीय निर्यातकों से सीधे कारोबार के लिए संपर्क करेंगे।
मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों के कालीन निर्माता और निर्यातक अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इससे भदोही के कालीन कारोबार को नए विदेशी ग्राहक और नए बाजार मिलने की उम्मीद है।
BRICS देशों के खरीदारों को भी बुलाने की तैयारी
भारत की वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता को देखते हुए CEPC की ओर से ब्राजील, रूस, चीन, यूएई, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र और सऊदी अरब समेत BRICS देशों के खरीदारों को एक्सपो में शामिल कराने पर जोर दिया जा रहा है। इससे भारतीय कालीन कारोबारियों को इन देशों में कारोबार बढ़ाने का मौका मिल सकता है।
कारोबारियों की मांग पर चार दिन का हुआ मेला
कालीन कारोबारियों की मांग को देखते हुए CEPC की 210वीं बैठक में एक्सपो की अवधि तीन दिन से बढ़ाकर चार दिन करने का फैसला लिया गया। अब मेला 4 से 7 अक्टूबर तक चलेगा। परिषद के अध्यक्ष मुकेश कुमार गोम्बर की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था।
पहले आओ, पहले पाओ पर होगी स्टॉल बुकिंग
भारतीय निर्यातकों के लिए स्टॉल बुकिंग की प्रक्रिया 20 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे से ऑनलाइन शुरू होगी। स्टॉल बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। ऐसे में इच्छुक निर्यातकों को समय पर रजिस्ट्रेशन कराकर स्टॉल बुक करना होगा।
विदेशी खरीदारों के लिए भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। CEPC को उम्मीद है कि 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो में बड़ी संख्या में विदेशी खरीदार और भारतीय निर्यातक शामिल होंगे। इससे भारतीय कालीनों का कारोबार और निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी।
