संवाददाता अश्वनी यादव, पुलिस दर्पण
गाजीपुर। गाजीपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बिहार के बक्सर से हेरोइन की खेप लेकर गाजीपुर पहुंचे एक कथित तस्कर को डिलीवरी से पहले गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 458 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी इस खेप को गाजीपुर के रकसहां क्षेत्र में सप्लाई करने की तैयारी में था। इससे पहले ही एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर निगरानी और घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। आरोपी को मंगलवार देर शाम दबोच लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को तस्करी के बिहार कनेक्शन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ किस व्यक्ति को पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके मोबाइल संपर्कों और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
