
रिपोर्टर : पुलिस दर्पण, महोबा
महोबा, 14 सितंबर। जनपद महोबा में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में महिला थाना की मिशन शक्ति टीम द्वारा मोहल्ला मगरियापुरा में “बहू–बेटी सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं, बहुओं, बालिकाओं और छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा बहनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सम्मेलन के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, बाल विवाह निषेध, महिला अधिकार, साइबर अपराधों से बचाव तथा आत्मरक्षा के विषय में विस्तार से जानकारी साझा की गई।
महिला थाना की टीम ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा, साइबर ठगी या अन्य अपराध की स्थिति में बिना किसी झिझक के तुरंत पुलिस से संपर्क करें। इसके साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता भी समझाई गई।
कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी समस्याएं पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जागरूक करना है।
सम्मेलन के अंत में महिलाओं और बालिकाओं ने महिला सुरक्षा एवं सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संकल्प लिया। पुलिस टीम ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जिले के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक महिला अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सके।
