
पुलिस दर्पण बहराइच रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला
बहराइच। जनसेवा केंद्रों के संचालन में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई की है। बहराइच के करीब 1277 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की आईडी अस्थायी रूप से ब्लॉक कर दी गई हैं। अब संबंधित केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने वाले केंद्रों की आईडी नियमानुसार पुन: सक्रिय की जाएगी।
सीएससी के जिला प्रबंधक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य पोर्टल पर दर्ज केंद्रों के विवरण और मौके पर केंद्र की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करना है।
विभागीय जांच में सामने आया है कि कुछ जनसेवा केंद्र स्वीकृत स्थान से अलग जगह पर संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ केंद्रों के पोर्टल पर दर्ज विवरण और मौके की स्थिति में भी अंतर मिला है। ऐसे केंद्रों का ग्राउंड लेवल वेरिफिकेशन कर वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी।
लोकेशन से लेकर ब्रांडिंग तक होगी जांच
भौतिक सत्यापन के दौरान सीएससी संचालकों को केंद्र की स्वीकृत लोकेशन, आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित ब्रांडिंग और केंद्र की वर्तमान स्थिति के फोटो उपलब्ध कराने होंगे। विभागीय टीम द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी का मौके पर सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट तैयार कर प्रबंधन को भेजी जाएगी।
जिला प्रबंधक ने सीएससी संचालकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें। केंद्र संचालक अपने सीएससी को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार रखें तथा आईडी से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने तक विभागीय निर्देशों का पालन करें।
गंभीर अनियमितता मिली तो स्थायी रूप से बंद होगी आईडी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भौतिक सत्यापन के दौरान यदि किसी केंद्र में गंभीर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित सीएससी आईडी को स्थायी रूप से बंद करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। ऐसे में सत्यापन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन केंद्रों की आईडी दोबारा सक्रिय होगी और किनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
