
एकमा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर उद्योग की स्थिति से कराया अवगत
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। कालीन उद्योग की मौजूदा स्थिति और निर्यातकों-निर्माताओं की समस्याओं को लेकर ऑल इंडिया कारपेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग हित में सरकार से विशेष प्रोत्साहन और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार की तर्ज पर जीआई टैग वाले कालीन उत्पादों को भी प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। प्रेस नोट के अनुसार जम्मू-कश्मीर में जीआई टैग वाले कालीन निर्यातकों और निर्माताओं को 10 प्रतिशत प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी आधार पर उत्तर प्रदेश में जीआई टैग वाले कालीन उत्पादों पर कम से कम आठ प्रतिशत जीआई प्रोत्साहन अथवा वित्तीय सहायता देने की मांग की गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को उद्योग की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए कालीन कारोबार को मजबूती देने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर अपनी मांगों को रखा गया।
इस दौरान एकमा अध्यक्ष उमेश गुप्ता ‘मुन्ना’, मानद सचिव असीम अंसारी ‘बाबू’, सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्य संजय गुप्ता,मानद संयुक्त सचिव शाहिद अंसारी, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता, पूर्व मानद सचिव तौफीक हुसैन, अशफाक अंसारी, अब्दुल सत्तार अंसारी, अमित मौर्य, सादिक अली अंसारी और पंकज बरनवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
