मृतक की बाइक, एप्पल मोबाइल, स्मार्ट वॉच, घटना में प्रयुक्त कार और अवैध हथियार बरामद
पुलिस दर्पण संवाददाता, मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर, 25 सितम्बर। पुरकाजी थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की मोटरसाइकिल, एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, घटना में प्रयुक्त कार, अवैध तमंचे और कारतूस सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में पुरकाजी थाना पुलिस और एसओजी संयुक्त रूप से अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम का आरोपियों से सामना हो गया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना से जुड़े अहम साक्ष्य बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मृतक की एवन-5 मोटरसाइकिल, एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच बरामद की गई। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टोयोटा कोरोला ऑल्टिस कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
पुलिस ने आरोपियों से दो अवैध 315 बोर के देशी तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 1,050 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
अन्य साथियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामान और हथियार हत्या की घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
जांच में जुटी पुलिस
हत्या के इस मामले के खुलासे को पुरकाजी पुलिस और एसओजी की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके।

