29 सितंबर से मर्यादपट्टी में होगा शुभारंभ, 3 अक्टूबर को निकलेगी श्रीराम बारात; 20 अक्टूबर को रावण वध और 21 अक्टूबर को भरत मिलाप-राज्याभिषेक
भदोही। भदोही नगर श्रीरामलीला आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रामलीला को लेकर श्री रामलीला समिति, भदोही की बैठक रविवार को मेन रोड स्थित कार्यवाहक अध्यक्ष के कार्यालय में हुई। बैठक में रामलीला मंचन, श्रीराम बारात, रावण वध, भरत मिलाप सहित अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बार रामलीला के मंचन के लिए मथुरा से कलाकारों की टीम आएगी।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि सभी कार्यक्रम निर्धारित तिथियों के अनुसार कराने के लिए तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाएंगे।
29 सितंबर से मर्यादपट्टी में शुरू होगा मंचन
समिति के अनुसार 29 सितंबर से मर्यादपट्टी रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन शुरू होगा, जो 8 अक्टूबर तक चलेगा।
इसके बाद 10 अक्टूबर से रजपुरा रामलीला मैदान में मंचन शुरू किया जाएगा। यहां भी पुनः प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
वहीं 3 अक्टूबर को रजपुरा चौराहे से श्रीराम बारात की शोभायात्रा निकाली जाएगी।
श्रीराम बारात में नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
नारद मोह से होगा रामलीला का शुभारंभ
29 सितंबर को रामलीला की शुरुआत नारद मोह, मनु-शतरूपा तप, रावण जन्म और मेघनाद दिग्विजय के प्रसंगों से होगी। इसके बाद राम जन्म, नामकरण, बाल चरित्र, विश्वामित्र आगमन और ताड़का वध का मंचन किया जाएगा।
रामलीला के क्रम में अहिल्या उद्धार, गंगा दर्शन, जनकपुरी आगमन, गौरी पूजन, धनुष यज्ञ और राम-सीता विवाह जैसे प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद दशरथ-कैकेयी संवाद, श्रीराम वनवास, निषादराज मिलन और केवट संवाद का मंचन होगा।
आगे सीता हरण, जटायु वध, शबरी मिलन, हनुमान-सुग्रीव मिलन और बाली वध के प्रसंग दिखाए जाएंगे। इसके बाद अशोक वाटिका, लंका दहन, सेतु बंधन और अंगद-रावण संवाद का मंचन होगा। लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण वध और मेघनाद वध के प्रसंग भी रामलीला में शामिल रहेंगे।
20 अक्टूबर को रजपुरा विजयादशमी के मैदान में रावण वध किया जाएगा।
इसके बाद 21 अक्टूबर को श्रीकृष्ण लीला, राम-भरत मिलाप और श्रीराम राज्याभिषेक के साथ आयोजन का समापन होगा।
इसी रात भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।समिति पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मंचन और अन्य कार्यक्रमों के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। समिति ने नगरवासियों से रामलीला के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
बैठक में कार्यवाहक अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल, महामंत्री सतीश गांधी, मंत्री सुभाष मौर्या, नागेंद्र सिंह, प्रदीप विश्वकर्मा ‘दीपू’, प्रिंस गुप्ता सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
