आजमगढ़। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों एवं किसानों ने रविवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि भारतीय किसान संघ पूरे उत्तर प्रदेश में जिला स्तर पर किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलनरत है। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से किसानों के हित में विभिन्न नीतियां लागू किए जाने के बावजूद कई स्थानों पर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है और उनका शोषण किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आजमगढ़ में भी किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
इस अवसर पर गोरक्ष एवं अवध प्रांत के मुख्य अतिथि अरविंद त्रिपाठी, जिला मंत्री साधु शरण द्विवेदी, प्रचार प्रमुख संदीप कुमार मिश्रा सहित भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
