पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला मंडल प्रभारी
पयागपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पयागपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की।
कार्यक्रम के दौरान ‘रघुपति राघव राजाराम, पतित पावन सीताराम, ईश्वर अल्लाह तेरे नाम, सबको सन्मति दे भगवान’ का स्मरण करते हुए आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही मजबूत, स्वच्छ और समृद्ध भारत का निर्माण किया जा सकता है। इस दौरान ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
