ब्यूरो रिपोर्ट: महेश कुमार
निजामाबाद/आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई मिली जानकारी के अनुसार, चकिया हुसैनाबाद गांव निवासी असद पुत्र स्वर्गीय नसीम, उम्र करीब 22 वर्ष, शनिवार को साइकिल से फरिहा बाजार गया था।
बताया जा रहा है कि वह बाजार से अपनी बकरी के लिए चोकर लेकर साइकिल से वापस अपने घर चकिया हुसैनाबाद जा रहा था। इसी दौरान फरिहा रेलवे क्रॉसिंग के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक मौके पर मौजूद रहा, जिसका पंजीकरण संख्या UP 50 AT 5698 बताया जा रहा है घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही निजामाबाद थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
