ब्यूरो रिपोर्ट: महेश कुमार
गंभीरपुर/आजमगढ़। बच्चों को डांटने को लेकर शुरू हुए विवाद में पिता और उसकी पुत्री पर कथित रूप से बांस के डंडे से हमला करने के मामले में गंभीरपुर पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हमले में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस के मुताबिक, परशुरामपुर गांव निवासी ध्यानचंद प्रजापति ने 20 अगस्त को गंभीरपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 19 अगस्त की रात करीब आठ बजे बच्चों को डांटने की बात को लेकर उसके बड़े भाई जयराम प्रजापति और भतीजे सचिन प्रजापति ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर सुग्रीव प्रजापति ने मोटे बांस के डंडे से ध्यानचंद और उसकी पुत्री तमन्ना के सिर पर हमला कर दिया।
घटना में पिता-पुत्री दोनों घायल हो गए। शिकायत के आधार पर गंभीरपुर थाने में मु0अ0सं0 209/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) और 117(2) बीएनएस में सुग्रीव प्रजापति, जयराम प्रजापति और सचिन प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को उपनिरीक्षक सूरज चौधरी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी सुग्रीव प्रजापति पुत्र जयराम प्रजापति को परशुरामपुर मोड़ से सुबह करीब 8:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
