50वें इंडिया कारपेट एक्सपो का सीएम योगी ने किया शुभारंभ, 223 प्रदर्शकों ने सजाए कालीनों के स्टॉल
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। कालीन नगरी भदोही में रविवार को 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्पेट सिटी स्थित कार्पेट एक्सपो मार्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिबन काटकर चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले का उद्घाटन किया। एक्सपो सात अक्टूबर तक चलेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और प्रमुख उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भदोही की कालीन कला रोजगार देने के साथ निर्यात बढ़ाने, युवाओं को अवसर देने और जिले को वैश्विक पहचान दिलाने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन हाथों ने पीढ़ियों से कालीन बुने हैं, उन्हें अब नई तकनीक और नई डिजाइन से जोड़ने की जरूरत है। सरकार कारीगरों के हुनर और पारंपरिक कला को बाजार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भदोही के हस्तनिर्मित कालीन को वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) में शामिल किया गया है।
223 प्रदर्शकों ने सजाए स्टॉल
इंडिया कारपेट एक्सपो में इस बार 223 प्रदर्शक अपने हस्तनिर्मित कालीन, रग्स और अन्य फ्लोर कवरिंग्स प्रदर्शित कर रहे हैं। पहले दिन करीब 32 देशों से 147 विदेशी कालीन खरीदार और 146 बाइंग प्रतिनिधि एक्सपो में पहुंचे। इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, जापान, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इटली, स्पेन, रूस, चीन, यूएई सहित कई देशों के खरीदार शामिल हैं।
कार्पेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) के चेयरमैन कैप्टन मुकेश कुमार गोम्बर ने कहा कि इंडिया कारपेट एक्सपो विदेशी खरीदारों और भारतीय निर्माताओं व निर्यातकों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक्सपो के जरिए निकट भविष्य में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
कारीगरों तक पहुंचेगा कारोबार का लाभ
सीईपीसी के वाइस चेयरमैन असलम महबूब ने कहा कि स्वर्ण जयंती संस्करण परिषद की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि विदेशी खरीदारों की भागीदारी से नए बाजार खुलने और व्यापारिक संबंध मजबूत होने की उम्मीद है।
आयोजकों के अनुसार भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग से जुड़े करीब 20 लाख बुनकरों और कारीगरों तक इस तरह के व्यापारिक आयोजनों का लाभ पहुंचाने का प्रयास है। एक्सपो में नए फॉल-विंटर रंगों और डिजाइनों के कालीन भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, प्रमुख सचिव एमएसएमई शशि भूषण लाल, आईईएमएल चेयरमैन राकेश कुमार, एकमा अध्यक्ष उमेश गुप्ता मुन्ना सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्यअनिल सिंह, रवि पाटोदिया,वासिफ अंसारी,रोहित गुप्ता, संजय गुप्ता, पियूष बरनवाल, इम्तियाज अंसारी,पदाधिकारी, निर्यातक और उद्यमी मौजूद रहे।
