लखनऊ ।
दबंगों के हौसले बुलंद, पुलिस बूथ के सामने युवक को बेरहमी से पीटा; मूकदर्शक बनी रही पुलिस
लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है । कृष्णा नगर थाने के ठीक सामने स्थित ट्रैफिक पुलिस बूथ के पास में दबंगों ने न सिर्फ एक गाड़ी में टक्कर मारी, बल्कि विरोध करने पर युवक को सड़क पर पीटा ।
हैरत की बात यह है कि यह पूरी वारदात पुलिस की मौजूदगी में होती रही और पुलिस मूकदर्शक बनी तमाशा देखती रही ।
टक्कर का विरोध करने पर भड़के दबंग
जानकारी के मुताबिक, अवध चौराहे पर तेज रफ्तार दबंगों की गाड़ी ने एक अन्य कार को टक्कर मार दी ।जब पीड़ित चालक ने इस लापरवाही का विरोध किया, तो दबंग आगबबूला हो गए उन्होंने बीच सड़क पर ही पीड़ित को घेर लिया और लात-घूंसों से उसकी बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी ।
थाने और पुलिस बूथ के सामने गुंडागर्दी
घटनास्थल के ठीक सामने कृष्णा नगर थाना और ट्रैफिक पुलिस का बूथ है, सरेराह हो रही इस गुंडागर्दी के दौरान स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जिससे दबंगों के हौसले और बढ़ गए । इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है । फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की पहचान करने का दावा कर रही हैं।
