
पुलिस दर्पण संवाददाता, आजमगढ़
मोहम्मदपुर (आजमगढ़), 25 सितम्बर। ब्लॉक मुहम्मदपुर में नवनिर्मित 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का शुक्रवार को विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर और विस्तृत स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
पहले मुहम्मदपुर में केवल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होता था, जहां छह बेड की व्यवस्था थी। बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने नए भवन का निर्माण कराया गया और इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया गया।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. रोहित मिश्रा ने बताया कि नए सीएचसी में अब 30 बेड की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही जांच सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा, ताकि मरीजों को अधिक से अधिक चिकित्सीय सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति होने के बाद मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा और गंभीर मामलों में भी स्थानीय स्तर पर इलाज संभव हो सकेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय या अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने नए स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उम्मीद जताई गई कि नई सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में डॉ. रोहित मिश्रा, डॉ. प्रेमचंद विश्वकर्मा, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. अजीत सिंह यादव, फार्मासिस्ट रविंद्र चौधरी, सुनील विश्वकर्मा, सीपीएम अवधेश गुप्ता, एआरओ रामप्रवेश यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
