बरेली। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मोहर्रम के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और ताजियों की कुल ऊंचाई जमीन से 12 फीट से अधिक नहीं होगी। प्रशासन ने सभी ताजियादारों तक यह सूचना अनिवार्य रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं

जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम के जुलूसों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि जुलूस मार्गों पर मौजूद गड्ढे, जलभराव, लटकते विद्युत तार, खराब पोल और अन्य बाधाओं को त्योहार से पहले हर हाल में दुरुस्त कर लिया जाए।
बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों ने जुलूस मार्गों पर खराब सड़कों, बिजली के ढीले तारों, अस्थायी डिवाइडरों और जलभराव जैसी समस्याओं को उठाया। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
ड्रोन कैमरों से रखी जाएगी नजर
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जुलूस के निर्धारित मार्ग का पुलिस टीम दो घंटे पहले निरीक्षण करेगी। साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे।
बिजली विभाग और पुलिस रहेगी साथ
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक जुलूस के साथ पुलिस, प्रशासन और विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। युवाओं और बच्चों को भी माहौल खराब न करने की हिदायत देने को कहा गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक ने विशेष रूप से चेताया कि ताजियों के साथ निकलने वाले अलम (झंडे) अक्सर काफी ऊंचे होते हैं, इसलिए उन्हें बिजली के तारों से दूर रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
अधिकारियों को दिए फूलप्रूफ तैयारी के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाए और किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में न लिया जाए।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
