
संवाददाता : ब्यूरो पुलिस दर्पण, अयोध्या
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे से जुड़ा बड़ा फैसला लिया गया। ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। सर्च कमेटी की संस्तुति के बाद ट्रस्ट की बैठक में उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। यह बैठक अयोध्या स्थित मणिरामदास जी की छावनी में आयोजित हुई।

ट्रस्ट ने इसके साथ ही तीन नए ट्रस्ट सदस्यों की नियुक्ति की भी घोषणा की। मदन मोहन पांडेय (अयोध्या), महेश भागचंदका (दिल्ली) और निर्मला यादव (शिकोहाबाद) को ट्रस्ट का नया सदस्य बनाया गया है। इन नियुक्तियों को राम मंदिर ट्रस्ट के विस्तार और प्रशासनिक मजबूती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी रहे हैं। उन्हें वर्ष 1986 में भारतीय वायुसेना में कमीशन मिला था। अपने 38 वर्ष से अधिक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने फाइटर पायलट, टेस्ट पायलट तथा विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके पास 3,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है और वे पश्चिमी वायु कमान (Western Air Command) के प्रमुख भी रह चुके हैं। 30 अप्रैल 2026 को वे वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए थे।
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं के लिए सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (SYSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), पुणे के पूर्व छात्र भी हैं।
ट्रस्ट के इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि राम मंदिर के प्रशासनिक कार्यों, व्यवस्थाओं और भविष्य की योजनाओं के संचालन में नई गति और बेहतर प्रबंधन देखने को मिलेगा। अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े विकास कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी नए नेतृत्व से महत्वपूर्ण उम्मीदें जताई जा रही हैं।
