शिवपुर (बहराइच)। विकासखंड शिवपुर की ग्राम पंचायत धर्मकुंडा के हेमराज पुरवा गांव में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। बदहाल सड़क और बरसात में जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग तेज कर दी है।

गुरुवार को गांव निवासी रसिका शुक्ला ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में भी इसी मांग को लेकर उन्होंने आमरण अनशन किया था। उस समय प्रशासन ने सड़क बनवाने का आश्वासन देकर अनशन समाप्त करा दिया था, लेकिन करीब दो वर्ष बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात में सड़क कीचड़ और पानी से लबालब हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार रसिका शुक्ला ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वह दोबारा आमरण अनशन पर बैठेंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं, खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। वह स्वयं मौके का निरीक्षण करेंगे और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच हेमराज पुरवा की यह सड़क आज भी उपेक्षा का शिकार है। अब लोगों को उम्मीद है कि इस बार सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण का काम भी धरातल पर दिखाई देगा।
