मोहम्मदपुर/आजमगढ़। मोहम्मदपुर क्षेत्र के कोहड़ौरा स्थित अनिकेत शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान के मुख्य कार्यालय पर सोमवार को संस्था का 10वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में संस्था के कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सामाजिक एवं सेवा कार्यों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगे भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सक्रिय रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद गौ रक्षा अध्यक्ष चंदन सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मुरली श्याम मनोहर जी उपस्थित रहे। अतिथियों का संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चंदन सिंह ने बहन-बेटियों को संस्था से जुड़कर समाजसेवा के कार्यों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनिकेत शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य कर रहा है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज के कमजोर वर्ग को सहयोग और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से होती है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी सहयोग एवं एकजुटता के साथ संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने संस्था के 10 वर्ष पूरे होने पर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अरुण कुमार विश्वकर्मा, मुकेश राजभर एवं चंद्रिका प्रसाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था के संस्थापक डॉ. भीमराव अंबेडकर ने दूर-दराज के विभिन्न क्षेत्रों से आए सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने संस्था के दस वर्ष के सफर में कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
वहीं संस्था के प्रबंधक प्रवीण कुमार गौतम ने अपने हेड ऑफिस मोहम्मदपुर कोहड़ौरा में आयोजित स्थापना दिवस समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं को आईडी कार्ड एवं उपहार वितरित किए। उन्होंने कहा कि संस्था से जुड़े कार्यकर्ता समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और संस्था की गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
संस्था की कोषाध्यक्ष मधु गौतम ने विभिन्न जनपदों से आए कार्यकर्ताओं का तहेदिल से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सहभागिता और सहयोग से संस्था को निरंतर मजबूती मिल रही है। स्थापना दिवस के अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने संस्था के साथ मिलकर सामाजिक सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज से आए कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात कर संस्था की आगामी गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श भी किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
