नशा तस्करी के आरोप में तीन आरोपी गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर वाहन जब्त
ओडिशा से गांजा लाकर मथुरा के रास्ते यूपी-हरियाणा सीमा क्षेत्र में सप्लाई करने की थी योजना
मथुरा/आगरा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ की आगरा ऑपरेशनल यूनिट और मथुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 250 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक कंटेनर वाहन बरामद किया है।
ओडिशा से गांजा लेकर लौटे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी खाली कंटेनर लेकर ओडिशा गए थे, जहां कंटेनर में 250 किलोग्राम गांजा लोड किया गया। इसके बाद आरोपी गांजा लेकर आगरा पहुंचे और उसे मथुरा पहुंचाने जा रहे थे।
यूपी-हरियाणा सीमा क्षेत्र में होनी थी सप्लाई
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मथुरा से गांजे की खेप उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा से सटे इलाकों में सप्लाई की जानी थी। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ और कंटेनर वाहन अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में संबंधित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
