बिजली, सड़क, पार्किंग और कारपेट सिटी से जुड़े मुद्दे उठे, एडीएम ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विजय नारायण सिंह ने की।
औद्योगिक समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश
एडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से सहयोगात्मक रवैया अपनाने को कहा, ताकि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।
सड़क, पार्किंग और कारपेट सिटी के मुद्दों पर चर्चा
बैठक में माधोसिंह-खमरिया-डेडवा मार्ग के सुदृढ़ीकरण, राजपुरा रिंग मार्केट में पार्किंग व्यवस्था, कारपेट सिटी में आवंटित प्लांट पर भवन निर्माण में आ रही दिक्कतों सहित कारपेट बैंकिंग क्लस्टर और मॉडर्न डाइंग हाउस के संचालन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र को शुरू कराने और जिले से निर्यात बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बिजली और बैंकिंग व्यवस्था की समीक्षा
विद्युत विभाग को शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने तथा रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान कम प्रगति वाले बैंकों की नियमित निगरानी और लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने पर जोर दिया गया।
निर्यात और औद्योगिक विकास पर जोर
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, औद्योगिक निवेश के लिए लैंड बैंक, प्लग एंड प्ले पार्क, सिटी ऑफ एक्सपोर्ट एक्सीलेंस और डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। एडीएम ने बीडा क्षेत्र में मास्टर प्लान के अनुरूप विकास कार्य कराने तथा भवन निर्माण से पूर्व मानचित्र स्वीकृत कराने की अपील की।
बैठक में एकमा अध्यक्ष उमेश गुप्ता (मुन्ना), उपायुक्त उद्योग दयाशंकर, एलडीएम अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी, निर्यातक और व्यापारी मौजूद रहे।
