
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
औराई, भदोही। औराई चौराहे पर सोमवार को ऑटो खड़ा करने को लेकर चालक और ट्रैफिक सिपाही के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना औराई कोतवाली के सामने अंडरपास के पास हुई, जो पास की मिठाई की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, नटवा बंजारी निवासी ऑटो चालक राकेश यादव सवारी बैठाने के लिए अंडरपास के पास ऑटो खड़ा कर रहा था। इसी दौरान उसकी ट्रैफिक सिपाही दिवाकर सिंह से कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान सिपाही ने चालक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद राकेश यादव ने भी सिपाही के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
मारपीट होते देख चौराहे पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने दोनों को अलग करने का प्रयास किया। बताया गया कि सब्जी की दुकान के पास भी दोनों के बीच हाथापाई हुई।
ऑटो चालक राकेश यादव ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक सिपाही आए दिन ऑटो चालकों से विवाद करते हैं। उसका कहना है कि चालक सड़क किनारे नंबर के हिसाब से सवारी बैठाते हैं और पुलिस को देखकर ऑटो हटा लेते हैं।
वहीं, कुछ दुकानदारों ने भी बताया कि विवाद की शुरुआत ट्रैफिक सिपाही और ऑटो चालक के बीच कहासुनी से हुई थी।
सूचना मिलने पर औराई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो चालक राकेश यादव को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। ऑटो चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
