भदोही | श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रयागराज सीमा स्थित भीटी क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर, चेक पोस्ट, ड्यूटी प्वाइंट और रूट डायवर्जन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कांवड़ियों के लिए आरक्षित राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पर किसी भी प्रकार के वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित यात्रा का माहौल मिल सके।
डीएम शैलेष कुमार ने बताया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने लाला नगर टोल प्लाजा के आसपास स्थित ढाबों, रेस्टोरेंटों और जलपान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रतिष्ठानों पर रेट सूची प्रदर्शित की जाए तथा केवल ताजा और शुद्ध खाद्य सामग्री ही बेची जाए। मिलावटी अथवा बासी खाद्य पदार्थ मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों, शिविरों एवं शिवालयों के आसपास स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों एवं विकासखंडों को नियमित सफाई, चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के साथ मोबाइल शौचालय और डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमों को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ यात्रा की निगरानी और व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए जनपद को 3 जोन और 8 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों के लिए आरक्षित लेन में किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही वाहनों की जांच के दौरान आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के अंत में डीएम और एसपी ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा यात्रा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जाएगा।
