संवाददाता : प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
ज्ञानपुर, भदोही। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भदोही पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने पुलिस लाइन ज्ञानपुर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार, सतर्कता और किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में क्विक रिस्पॉन्स सबसे महत्वपूर्ण है।

कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भीटी बॉर्डर से बाबूसराय तक लगभग 42 किलोमीटर की उत्तरी लेन पूरी तरह कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी। वहीं, दक्षिणी लेन एवं सर्विस लेन से सामान्य वाहनों का संचालन किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
पूरे यात्रा मार्ग को चार जोन और 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 628 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी, पीआरबी, फायर टेंडर, क्रेन, एंबुलेंस और चिकित्सा टीमों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पांच इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे मार्ग की लगातार निगरानी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा अवधि के दौरान पूरे जनपद में धारा 163 बीएनएसएस प्रभावी रहेगी। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से सहयोग बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
