लेखराज कौशल
हापुड़। कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 20 कांवड़ मोटर साइकिल मोबाइल दस्तों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये विशेष मोबाइल टीमें पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर पैनी नजर रखेंगी।

जनपद में कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने पूरे कांवड़ मार्ग को 17 सेक्टरों में विभाजित किया है, जहां इन मोबाइल बाइक टीमों की तैनाती की गई है। आवश्यकता के अनुसार इनकी निगरानी व्यवस्था का विस्तार उप-सेक्टर स्तर तक भी किया जाएगा, ताकि मार्ग के प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे।
हरी झंडी दिखाने के बाद एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाए। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसपी ने कहा कि मोबाइल बाइक दस्तों को इस तरह तैयार किया गया है कि वे कम समय में किसी भी स्थान पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर सकें। ये टीमें लगातार कांवड़ मार्ग पर भ्रमण करेंगी, भीड़ प्रबंधन में सहयोग देंगी, यातायात को सुचारु रखेंगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।
पुलिस प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विभिन्न स्तरों पर सुरक्षा प्रबंध किए हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाया जा सकता है।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि “कांवड़ यात्रा हमारे जनपद का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। हापुड़ पुलिस का उद्देश्य है कि प्रत्येक शिवभक्त पूरी सुरक्षा, सम्मान और सुविधा के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सके। इसी को ध्यान में रखते हुए जनपद के कांवड़ मार्ग को 17 सेक्टरों में विभाजित कर 20 मोबाइल मोटर साइकिल दस्तों की तैनाती की गई है। आवश्यकता पड़ने पर इनकी कार्यप्रणाली का विस्तार उप-सेक्टर स्तर तक भी किया जाएगा, ताकि मार्ग के प्रत्येक हिस्से पर पुलिस की प्रभावी निगरानी बनी रहे।
सभी मोबाइल टीमें लगातार गश्त करेंगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा आपात स्थितियों पर त्वरित प्रतिक्रिया देंगी। प्रत्येक पुलिसकर्मी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करे। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हमारी प्राथमिकता यह है कि कांवड़ यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहे। जो भी व्यक्ति यात्रा में बाधा उत्पन्न करने, माहौल बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने का प्रयास करेगा, उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सभी अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। मैं सभी श्रद्धालुओं से भी अपील करता हूं कि वे प्रशासन का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें। हापुड़ पुलिस हर शिवभक्त की सुरक्षा के लिए 24 घंटे प्रतिबद्ध है।
