संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय, भदोही ने शिक्षा को आधुनिक तकनीक और उद्योग से जोड़ने के लिए मुंबई की वेडिकुलम टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। कुलपति प्रो. उमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुए इस समझौते का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय को आधुनिक तकनीक से लैस करना और विद्यार्थियों को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है।

एमओयू के तहत विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नई तकनीकों और कौशल विकास से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही छात्रों को इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट, उद्योग विशेषज्ञों के व्याख्यान, प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम और नौकरी के लिए मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
शिक्षकों को भी नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा शोध कार्य में सहयोग और शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर विश्वविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग और भविष्य में रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस समझौते से छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और उद्योग की जरूरतों को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
