संवाददाता महेश कुमार की रिर्पोट
गंभीरपुर, आजमगढ़। थाना गंभीरपुर क्षेत्र के कोहड़ौरा गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी द्वारा पति पर तेजाब डालने का मामला सामने आया है। घटना में पति गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कोहड़ौरा निवासी मुकेश पाण्डेय पुत्र जगरनाथ पाण्डेय ने 26 सितंबर को थाना गंभीरपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि ससुराल में किसी बात को लेकर विवाद के दौरान उसकी पत्नी ने उस पर तेजाब डाल दिया। तेजाब की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना गंभीरपुर पुलिस ने मु0अ0सं0 233/2026 के तहत धारा 124(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गंभीरपुर पुलिस ने 27 सितंबर को आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तेजाब की एक बोतल भी बरामद की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल दुर्गेश राय, आरक्षी सौरभ कुमार और महिला आरक्षी रागिनी गौड़ शामिल रहीं। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
