तरुण कुमार ब्यूरो चीफ
भुता के प्रीति फीलिंग स्टेशन का मामला, SSP के आदेश पर FIR दर्ज, आरोपी पर पहले से कई केस।
बरेली। भरोसे को पूंजी बनाकर धोखाधड़ी करने का एक सनसनीखेज मामला भुता कस्बे से सामने आया है। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर स्थित प्रीति फीलिंग स्टेशन के मालिक ने अपने ही कंप्यूटर ऑपरेटर कर्मचारी से आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर क्रेडिट कार्ड और नगद के जरिए करीब 9 लाख 18 हजार रुपए ठग लिए। रुपए मांगने पर कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया और बकाया सैलरी भी नहीं दी।

पीड़ित की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद आरोपी मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
“टैंकर के लिए मदद मांगकर ठगे 9 लाख”
कस्बा भुता निवासी पीड़ित प्रशांत सिन्हा ने SSP को दिए शिकायती पत्र में बताया कि प्रीति फीलिंग स्टेशन के मालिक गौरव शर्मा से उसकी पुरानी जान-पहचान थी। इसी भरोसे पर गौरव ने उसे अपने पंप पर कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दी।
नौकरी के कुछ समय बाद आरोपी ने तेल के टैंकर मंगाने के लिए आर्थिक तंगी का हवाला दिया। उसने बतौर मदद पीड़ित की मां के क्रेडिट कार्ड से 5,20,000 रुपए, पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 2,00,000 रुपए और नगद 1,98,000 रुपए ले लिए। कुल 9,18,000 रुपए।
प्रशांत का आरोप है कि जब उसने कुछ समय बाद अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपी ने उसे नौकरी से निकाल दिया। साथ ही 90,000 रुपए की बकाया सैलरी भी नहीं दी।
“धमकी देकर करता है वसूली”
पीड़ित ने बताया कि आरोपी क्षेत्र के कई अन्य लोगों के भी लाखों रुपए इसी तरह हड़प चुका है। आरोपी का दबंग लोगों में उठना-बैठना है। रुपए मांगने पर वह जान से मारने की धमकी देता है। पीड़ित ने पहले थाना पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली से शिकायत की। SSP के आदेश पर भुता पुलिस ने आरोपी गौरव शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और धमकाने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी धोखाधड़ी के कई मामले थाने में दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
