फतेहगंज पश्चिमी। झुमका तिराहे के पास परसाखेड़ा रोड पर गुरुवार को गाय को बचाने के चक्कर में एक स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में नगर पंचायत अध्यक्ष के दामाद समेत दो लोग घायल हो गए। स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम के दामाद हारून चौधरी अपनी स्कॉर्पियो संख्या यूपी 25 डी जेड 7863 से चालक विवेक गंगवार के साथ कस्बा से बरेली जा रहे थे। झुमका तिराहे के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई।
गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई।हादसे में हारून चौधरी और चालक विवेक को गुम चोटें आईं।
हादसे की खबर पर अध्यक्ष इमराना बेगम, उनके पति मोहम्मद शाहिद, सभासद शराफत हुसैन, मौलाना अहसन अंसारी, महेंद्र पाल शर्मा, मो. तसलीम उर्फ टिंकू समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
