15 लाख रुपये की 290 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त
625 कार्टून विभिन्न कंपनियों के पेस्टीसाइड भी मिले, तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरनगर। थाना छपार पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 290 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से विभिन्न कंपनियों के 625 कार्टून पेस्टीसाइड (कीटनाशक) भी बरामद किए गए। इसके अलावा शराब तस्करी की घटना में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना छपार, एसओजी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों से पूछताछ कर अवैध शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क, शराब की आपूर्ति के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
