
पुलिस दर्पण बहराइच रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला
पयागपुर। आदर्श नगर पंचायत पयागपुर में जलभराव, चोक नालियों और सड़कों पर फैली गंदगी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर जन्माष्टमी पर्व से ठीक पहले भी नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है।

नगर क्षेत्र के कई रास्तों पर नालियां चोक होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा है। जलभराव के चलते सड़कों पर कीचड़ फैल गया है, जिससे राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्व के दौरान मंदिरों और बाजारों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में कीचड़ और जलभराव बड़ी समस्या बन सकता है।
वहीं पंचायती मंदिर ठाकुरद्वारा के सामने कुएं के पास भारी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। आरोप है कि सफाई कर्मियों द्वारा नियमित रूप से सफाई नहीं की जा रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर गड्ढे और कीचड़ होने के कारण ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है। मजबूरी में व्यापारी खुद फावड़ा उठाकर कूड़ा हटाने और गड्ढों में ईंट-पत्थर डालकर रास्ता चलने लायक बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जन्माष्टमी से पहले नालियों की सफाई, जलभराव दूर कराने और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
