महिला को झांसे में लेकर सोने का कुंडल हड़पने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कुंडल और बाइक बरामद

बिजनौर। थाना स्योहारा पुलिस ने महिला को झांसा देकर सोने का कुंडल हड़पने की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पीली धातु का कुंडल (दो टुकड़ों में) तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र निवासी खेम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर कान का सोने का कुंडल ले लिया। शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 243/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में शकील पुत्र खलील अहमद निवासी कमालपुरी खालसा थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद तथा तासिम पुत्र यासीन निवासी मुनीमपुर थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद शामिल हैं।
23 जून 2026 को थाना स्योहारा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने का कुंडल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक समयपाल सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रजपाल सिंह, कांस्टेबल मोनू तथा कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
