पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कई कैफे में चल रहा था अनैतिक कारोबार, 3 फरार आरोपियों की तलाश जारी
छापेमारी में मोबाइल, नकदी, चाबियां, क्यूआर कोड और बड़ी संख्या में निरोध पैकेट बरामद

आगरा, वरिष्ठ संवाददाता। सदर बाजार क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में संचालित कैफे और मिनीप्लेक्स की आड़ में चल रहे कथित अनैतिक व्यापार के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, नकदी, कैफे की चाबियां, क्यूआर कोड तथा विभिन्न कंपनियों के निरोध पैकेट बरामद किए हैं। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि नंद प्लाजा में चल रही संदिग्ध गतिविधियों की खबर बुधवार को प्रमुखता से सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कमिश्नरेट पुलिस ने गुरुवार को इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त नगर के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा श्री यतेन्द्र सिंह नागर के नेतृत्व में थाना ताजगंज एवं थाना एकता पुलिस की संयुक्त टीम ने नंद टाकीज चौराहे स्थित नंद प्लाजा में छापा मारा। पुलिस के अनुसार यहां स्थित द रैम्प मिनीप्लेक्स, द रैम्प कैफे, बरिस्ता कैफे, कैव मिनीप्लेक्स, द रैपिड कैफे, मैक्स सिनेमाज तथा रैपिड मूवी स्टेशन में अनैतिक व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पुष्पेन्द्र सिंह, शोएब, अनुज शर्मा और भूपेन्द्र कुमार दिवाकर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान तीन मोबाइल फोन, 3,950 रुपये नकद, 12 चाबियां, दो क्यूआर कोड तथा विभिन्न कंपनियों के निरोध पैकेट बरामद किए गए।
बरामद साक्ष्यों के आधार पर थाना सदर बाजार में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया।
तीन आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने बताया कि मामले में नरेन्द्र सिंह, रविन्द्र और सौरभ यादव की तलाश जारी है। इनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा श्री यतेन्द्र सिंह नागर के नेतृत्व में थाना ताजगंज एवं थाना एकता की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा। कैफे, स्पा, गेस्ट हाउस और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की भी नियमित जांच की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस का संदेश
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अनैतिक गतिविधियों, अवैध कारोबार और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी प्रतिष्ठान में अवैध गतिविधि पाए जाने पर संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
