पुलिस पर झोंकी गोलियां, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में लगी गोली; तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद
सहारनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत थाना देवबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर ही धर दबोचे गए।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस .315 बोर तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी हत्या के एक गंभीर मुकदमे में वांछित थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी की गई तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सहारनपुर ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
रिपोर्ट – अरविन्द कुमार सैनी
