भदोही। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नियमित जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी समेत विभिन्न मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसपी ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से फोन पर वार्ता कर मामलों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
एसपी अभिनव त्यागी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए, ताकि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत पर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
एसपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक पीड़ित को समयबद्ध एवं निष्पक्ष न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
