बैरहना-शंकरगढ़ ई-बस सेवा शुरू
जनता की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, विधायक डॉ. वाचस्पति के अथक प्रयासों ने बदली तस्वीर
बारा, प्रयागराज। वर्षों से बेहतर परिवहन सुविधा की आस लगाए बैठे बारा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के चेहरे उस समय खिल उठे, जब बैरहना से शंकरगढ़ तक इलेक्ट्रिक बस सेवा का पहिया आखिरकार सड़कों पर दौड़ पड़ा।

ग्रामीण अंचल के हजारों लोगों के लिए यह सिर्फ एक बस सेवा नहीं, बल्कि सुविधाओं, विकास और नई उम्मीदों का सफर है। कभी बसों के इंतजार में घंटों सड़क किनारे खड़े रहने को मजबूर रहने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और मरीज अब राहत की सांस ले सकेंगे। क्षेत्र की यह समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। गांवों से शहर तक पहुंचना कई बार समय, पैसा और परेशानी तीनों की बड़ी चुनौती बन जाता था।
क्षेत्रीय जनता की पीड़ा को महसूस करते हुए बारा विधायक डॉ. वाचस्पति ने इस मुद्दे को सिर्फ एक मांग तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि इसे सरकार के समक्ष मजबूती से रखा। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर बैरहना-शंकरगढ़ मार्ग पर इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कराने की मांग की थी। लगातार प्रयासों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज इस मार्ग पर ई-बस सेवा का संचालन शुरू हो गया है। जैसे ही क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने की खबर फैली, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने इसे बारा विधानसभा के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए विधायक डॉ. वाचस्पति का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह सेवा विशेष रूप से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे व्यापारियों के लिए वरदान साबित होगी। अब उन्हें निजी वाहनों या महंगे साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही, पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण कम करने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
विधायक डॉ. वाचस्पति ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बारा विधानसभा की हर जायज मांग को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है और भविष्य में भी क्षेत्रवासियों के हितों के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने पर विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार निषाद (श्यामू), अरविंद केसरवानी, रोहित केसरवानी, रामजतन बंसल, पंकज गुप्ता, मुकेश केसरवानी, राकेश तिवारी, सनी यादव, दुर्गेश बघेल सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।
