पंचायत सहायक समेत तीन पर अधिकारियों की आईडी से प्रमाणपत्र बनाने का आरोप, 200 से 250 प्रमाणपत्र बनाने की बात
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। सुरियावां थाना पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से तीन एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल से करीब 1.11 लाख रुपये के ऑनलाइन लेनदेन का पता चला है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राम पंचायत और विकास विभाग के अधिकारियों की यूजर आईडी और ई-मेल का गलत इस्तेमाल करते थे। इसके जरिए पोर्टल पर लॉगिन कर फर्जी जानकारी और कूटरचित दस्तावेज अपलोड किए जाते थे। इसके बाद जन्म प्रमाणपत्र तैयार कर डाउनलोड किए जाते थे।
पुलिस ने मनापुर निवासी कृष्ण कुमार प्रजापति (25) को गिरफ्तार किया है। वह गांव में संविदा पंचायत सहायक/कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत बताया गया है। पुलिस के अनुसार वह गिरोह का मुख्य आरोपी है।
इसके अलावा जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के गहरपुर निवासी प्रदीप कुमार (28) और ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के चककिशनदास निवासी कमलकांत यादव उर्फ कमल यादव (32) को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रदीप सुरियावां बाईपास स्थित प्रदूषण केंद्र और कमलकांत मोढ़ पुरानी बाजार स्थित आधार सुधार केंद्र चलाता है।
ओटीपी लेकर करते थे आईडी का इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार पूछताछ में कृष्ण कुमार ने बताया कि वह अधिकारियों से ओटीपी लेकर उनकी ई-मेल आईडी और पोर्टल पर लॉगिन करता था। इसके बाद फर्जी जानकारी और दस्तावेज अपलोड कर जन्म प्रमाणपत्र तैयार किए जाते थे। प्रदीप और कमलकांत प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जरूरी डाटा उपलब्ध कराते थे।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अब तक करीब 200 से 250 फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने की बात स्वीकार की है। जांच में प्रदीप से जुड़े माध्यमों में करीब 76 हजार रुपये और कमल यादव से जुड़े माध्यमों में करीब 35 हजार रुपये के ऑनलाइन लेनदेन का विवरण मिला है।
मामले में सुरियावां थाने में अपराध संख्या 144/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और बनाए गए फर्जी प्रमाणपत्रों के इस्तेमाल की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में सुरियावां पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम ने की।
