
टाइप-5 व टाइप-4 आवास के साथ पुलिस लाइन में बनेगा दो टावर का ट्रांजिट हॉस्टल
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही, जिले में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नए सरकारी आवास बनाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस लाइन में दो टावर वाला ट्रांजिट हॉस्टल भी बनाया जा रहा है। मंगलवार को सांसद डॉ. विनोद बिंद, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे और जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने विभिन्न आवासीय परियोजनाओं का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

लोक निर्माण विभाग के भवन सेल की ओर से कराए जा रहे इन कार्यों का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें कार्यस्थल के आसपास रहने की सुविधा मिलेगी और प्रशासनिक कामकाज में भी सहूलियत होगी।
अधिकारियों के लिए 65 आवास
जिले में अधिकारियों के लिए टाइप-5 के पांच और टाइप-4 के 60 आवास बनाए जाएंगे। टाइप-5 आवासों की स्वीकृत लागत 823.19 लाख रुपये और अनुबंधित लागत 614.19 लाख रुपये है। वहीं टाइप-4 के 60 आवासों की स्वीकृत लागत 4870.47 लाख और अनुबंधित लागत 3873.76 लाख रुपये है।
ज्ञानपुर तहसील में 48 आवास
ज्ञानपुर तहसील में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कुल 48 आवास बनाए जाएंगे। इनमें टाइप-1 के 19, टाइप-2 के 20, टाइप-3 के पांच और टाइप-4 के चार आवास शामिल हैं। परियोजना की स्वीकृत लागत 2030.80 लाख और अनुबंधित लागत 1499.75 लाख रुपये है।
पुलिस लाइन में दो टावर का हॉस्टल
पुलिस लाइन में एस+8 के दो टावर वाला ट्रांजिट हॉस्टल बनाया जा रहा है। इसकी स्वीकृत लागत 2027.24 लाख और अनुबंधित लागत 1664.51 लाख रुपये है। अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि बेहतर आवासीय सुविधाओं से अधिकारियों और कर्मचारियों को काम करने के लिए सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। विधायक विपुल दुबे ने इसे जिले की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
