कंधरापुर और अहरौला पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल फोन व अवैध तमंचा बरामद
ब्यूरो रिपोर्टर: देशराज, पुलिस दर्पण
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कंधरापुर और अहरौला थाना पुलिस को सफलता मिली है। दोनों थानों की पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटनाओं में प्रयुक्त मोबाइल फोन और अवैध पिस्तौल भी बरामद की है।
कंधरापुर पुलिस ने सरफराज आलम को पकड़ा
कंधरापुर थाना पुलिस ने सरफराज आलम को गिरफ्तार किया। वह शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा अश्लील फोटो और वीडियो प्रसारित करने के मामले में वांछित था। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद मोबाइल को पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में गिरफ्तारी
अहरौला थाना पुलिस ने सूरज कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में वांछित था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फायरिंग और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपी गिरफ्तार
अहरौला पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में आर्यन यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी पर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने, जान से मारने की धमकी देने तथा अवैध पिस्तौल से फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
