पदम सिंह जाटव बोले— मिशन-2027 में बूथ की मजबूती से बनेगी सरकार
हापुड़। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मानकचौक में पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ सपा नेता पदम सिंह जाटव ने किया। पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सभा को संबोधित करते हुए पदम सिंह जाटव ने कहा कि समाजवादी पार्टी गांव-गांव पीडीए पंचायतों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा तथा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को सम्मान व अधिकार दिलाने का मजबूत अभियान है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों एवं संदेश को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मिशन-2027 की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास पर निर्भर करेगी।
पदम सिंह जाटव ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को जनादेश देगी और पार्टी के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
