शक्ति पुलिस टीम ने आत्मरक्षा, महिला अधिकार, साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान के दूसरे चरण में गोविंद नगर थाना क्षेत्र में शक्ति पुलिस टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा, महिला अधिकारों और अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई
गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा की जानकारी
शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिलाओं के कानूनी अधिकारों के बारे में बताया। पुलिस ने कहा कि बस, सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ अथवा अशोभनीय व्यवहार होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। ऐसी स्थिति में 1090 महिला पावर लाइन या नजदीकी थाने से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
सोशल मीडिया का सावधानी से करें इस्तेमाल
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को व्हाट्सऐप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। पुलिस ने सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सतर्कता बरतने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के लिए जागरूक किया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने तथा परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिस टीम ने 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपात सेवा, 102 एंबुलेंस, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्डलाइन, 101 फायर सर्विस और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने महिलाओं से किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की।
