
पुलिस दर्पण | संवाददाता
अमरोहा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति-5 के दूसरे चरण के तहत थाना मंडी धनौरा और थाना हसनपुर पुलिस की शक्ति दीदी टीम ने जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच पुलिस की सहायता ले सकती हैं।
शक्ति दीदी टीम ने महिलाओं को साइबर अपराध के प्रति भी जागरूक किया। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक और ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा निजी जानकारी साझा न करें।
पुलिस टीम ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अपराध होने पर चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही आसपास की अन्य महिलाओं और बालिकाओं को भी साइबर सुरक्षा एवं महिला हेल्पलाइन के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
