समान अधिकार पार्टी ने की जोरदार नारेबाजी, एस.आई को सौंपी तहरीर; अरबों रुपये के चंदे में गड़बड़ी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग
आगरा। अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा घोटाले को लेकर रविवार को समान अधिकार पार्टी के पदाधिकारी सदर थाने पहुंचे और ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए “चंदा चोरों को गिरफ्तार करो” और “राम मंदिर में डकैती डालने वालों को जेल भेजो” जैसे नारे लगाए।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी के नाम संबोधित तहरीर में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा, मंदिर प्रबंधक गोपाल राव, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी और ट्रस्टी के. पारासरन समेत अन्य के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राम मंदिर निर्माण के लिए मिले करोड़ों-अरबों रुपये के चंदे, सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य सामग्री में कथित अनियमितताएं हुई हैं, जिससे करोड़ों राम भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी के मौजूद न होने पर पार्टी पदाधिकारियों ने एसएसआई को तहरीर सौंपी। एसएसआई ने तहरीर को जीडी में दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा के साथ संयोजक सतीश भारद्वाज, लीगल सेल के जिलाध्यक्ष कौशल किशोर शर्मा एडवोकेट, शहर अध्यक्ष माला गुप्ता एडवोकेट, श्याम सुंदर चौधरी एडवोकेट, रिबेल एडवोकेट, मनोज गुप्ता, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आशीष गौतम, आईटी सेल प्रभारी विवेक गुप्ता, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष बन्नू लाल दिवाकर, सलीम खान, गौरव शर्मा, विनोद सिंह, राजकुमार बघेल, किशन राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(पार्टी द्वारा लगाए गए आरोप उनके तहरीर में किए गए दावे हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।)
