निर्माण कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के दिए निर्देश
निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का किया परीक्षण
संवाददाता विजय कश्यप
बलरामपुर। जनपद में सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने तथा आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित लघु सेतु निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने हरिहरगंज–ललिया–बनकटवा मार्ग पर झिन्ने नाला पर निर्माणाधीन 3×18.75 मीटर आरसीसी लघु सेतु, बेला मार्ग में पठानपुरवा से रजगढ़वा मार्ग (घोड़हवा नाला) के किलोमीटर-1 पर निर्माणाधीन 7×4×4 मीटर बॉक्स कल्वर्ट तथा कोडरी–मथुरा–चौधरीडीह मार्ग पर निर्माणाधीन लघु सेतु का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रत्येक परियोजना की भौतिक प्रगति की जानकारी ली तथा निर्माण एजेंसी एवं विभागीय अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं निर्धारित समयसीमा के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में प्रयुक्त की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का भी गहन परीक्षण किया। उन्होंने स्वीकृत डिज़ाइन एवं बांड में निर्धारित मानकों के अनुरूप सीमेंट, सरिया, कंक्रीट तथा अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मानकों की अनदेखी या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने पाए तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण के प्रत्येक चरण में तकनीकी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए ताकि सेतु दीर्घकाल तक सुरक्षित एवं उपयोगी बने रहें और क्षेत्रीय जनता को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) श्री शैलेंद्र कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
