जौनपुर
जिले के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों में अग्निशमन व्यवस्था की तत्काल जांच कराने के निर्देश जारी किए हैं ।

बीएसए ने कहा है कि प्रत्येक विद्यालय में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। जिन अग्निशमन यंत्रों की वैधता समाप्त हो चुकी है, उन्हें बिना विलंब रिफिल कराया जाए अथवा नए यंत्र उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में सुरक्षा मानकों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय पर अग्निशमन उपकरणों को दुरुस्त रखने से आग जैसी आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई संभव होगी और संभावित दुर्घटनाओं व जनहानि के जोखिम को कम किया जा सकेगा।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
